महिला पत्रकारों से कथित मारपीट के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग

ऑल इंडिया प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

पीलीभीत/पूरनपुर। दिल्ली के साकेत क्षेत्र में महिला पत्रकारों के साथ पुलिस द्वारा कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले को लेकर ऑल इंडिया प्रेस जर्नलिस्ट एसोसिएशन (एप्जा) ने विरोध जताया है। संगठन के पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी पूरनपुर को सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग की।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि महिला पत्रकार एक कार्यक्रम की कवरेज के लिए साकेत क्षेत्र पहुंची थीं। इसी दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा उनके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार एवं मारपीट की गई। संगठन ने इस घटना को गंभीर बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

एप्जा पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को सामने लाते हैं। कवरेज के दौरान पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों और पत्रकारिता की स्वतंत्रता के लिए गंभीर विषय है।

संगठन ने राष्ट्रपति से मामले का संज्ञान लेते हुए महिला पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, पत्रकारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन देने के दौरान रामविलास कश्यप, बबलू खां, जावेद खान, सर्वेश शर्मा, देवेश यादव सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *