फल एवं दीये विक्रेताओं ने आवास पर पहुंचकर रखीं समस्याएं, रमेश चंद्र जोशी ने अधिकारियों से वार्ता कर कराया त्वरित निस्तारण
खटीमा। नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने छोटे व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए तत्काल पहल की। गुरुवार सुबह क्षेत्र के फल एवं दीये विक्रेताओं ने पालिकाध्यक्ष के आवास पर पहुंचकर मुलाकात की और अपने कारोबार से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
व्यापारियों की समस्याएं सुनने के बाद पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने संबंधित अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर आवश्यक निर्देश दिए। उनकी सकारात्मक पहल के बाद व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराया गया। समस्या का निस्तारण होने पर व्यापारियों ने पालिकाध्यक्ष का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने कहा कि छोटे व्यापारी शहर की अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनका प्रयास है कि किसी भी छोटे व्यापारी को अपना व्यवसाय संचालित करने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। व्यापारियों के हितों की रक्षा करना और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि नगर पालिका जनहित और व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे भी सकारात्मक प्रयास करती रहेगी।