बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण को लेकर द ऑक्सफोर्ड अकादमी में जागरूकता अभियान POCSO, बाल विवाह, बाल श्रम, साइबर क्राइम और हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया एवं मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी के निर्देशानुसार मंगलवार को द ऑक्सफोर्ड अकादमी, रुद्रपुर में बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल अधिकार, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श, POCSO अधिनियम और बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

जिला प्रोबेशन अधिकारी द्वारा बच्चों को बाल अधिकारों तथा बच्चों के साथ होने वाले यौन अपराधों से बचाव और POCSO अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों के बारे में जागरूक किया गया। बच्चों को किसी भी प्रकार के शोषण, दुर्व्यवहार या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहने तथा इसकी जानकारी अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित विभाग को देने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के दौरान बाल कल्याण समिति की सदस्य चंद्रकला रॉय, चाइल्ड हेल्पलाइन समन्वयक चांदनी रावत, बाल विकास विभाग के वन स्टॉप सेंटर से चंचल बाला, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. श्वेता दीक्षित तथा डॉक्यूमेंट्स ऑफिसर आराध्या श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

इस दौरान बाल विवाह, बाल श्रम, POCSO अधिनियम, गुड टच-बैड टच, नशे के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव और उससे बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही बच्चों को सहायता और सुरक्षा के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में भी जानकारी दी गई।

वक्ताओं ने कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य के.एस. नेगी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *