खटीमा। 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक रामकुमारी अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, खटीमा में आयोजित प्रांतीय संस्कृति महोत्सव का अंतिम एवं समापन दिवस विभिन्न सांस्कृतिक एवं बौद्धिक प्रतियोगिताओं की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान पूरे प्रांत से आए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, संस्कार, ज्ञान एवं रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में माननीय संगठन मंत्री श्रीमान सुनील जी, मुख्य अतिथि श्रीमान राजेंद्र सिंह गौड़ जी (इंडस्ट्रियल मैनेजर ईस्टर ), डॉ. विजयपाल जी (प्रदेश निरीक्षक), डॉ आनंद मोहन रतूडी़ जी (प्रबंधक),श्रीमान नत्थी लाल बंगवाल जी(संभाग निरीक्षक गढ़वाल मंडल), श्रीमान सुरेशानंद जी(संभाग निरीक्षक कुमाऊँ मंडल),श्रीमान भरत जी (जिला प्रचारक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उधम सिंह नगर), श्रीमान ज्ञानेंद्र जी (सह जिला संघ चालक),श्रीमान दिनेश वर्मा जी( अध्यक्ष), श्रीमान रमेश ओली जी (विभाग कार्यवाह नैनीताल),श्रीमान लोकेंद्र जी (संयोजक), श्रीमान गोवर्धन ततराडी़ जी एवं श्रीमान मंगतराम लोस्टा जी सहित सम्मानित प्रधानाचार्य गण, आचार्यगण एवं अन्य गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. भगत सिंह बोरा जी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी के सहयोग की सराहना की।
महोत्सव के अंतिम चरण में प्रश्न मंच प्रतियोगिता, चित्रकला, मूर्तिकला, अंताक्षरी, तात्कालिक भाषण, लोकनृत्य , स्वरचित काव्यपाठ,तथा आचार्य पत्र वाचन जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को प्रभावित किया। प्रश्न मंच में विद्यार्थियों ने अपने ज्ञान एवं त्वरित बुद्धि का परिचय दिया, वहीं चित्रकला एवं मूर्तिकला में उनकी रचनात्मक प्रतिभा देखने को मिली। अंताक्षरी और लोकगीत प्रतियोगिताओं ने वातावरण को सांस्कृतिक रंगों से भर दिया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने तर्क, विचार एवं अभिव्यक्ति कौशल का प्रदर्शन किया तथा कथा-कथन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा और जीवन-मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं के पश्चात पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। चैंपियनशिप रुद्रपुर संकुल ने प्राप्त की। द्वितीय स्थान पर हरिद्वार संकुल तथा तृतीय स्थान पर देहरादून संकुल रहा। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विजेता विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। अतिथियों ने विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम करने तथा भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभाव, अनुशासन, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार, आयोजन समिति, आचार्यगण एवं सभी सहयोगियों को बधाई दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. भगत सिंह बोरा जी ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, प्रतिभागी विद्यार्थियों, प्रधानाचार्यों, आचार्यगण एवं सहयोगी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और समर्पण के कारण प्रांतीय संस्कृति महोत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
समापन अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव एवं उल्लास का वातावरण रहा। विभिन्न संकुलों से आए प्रतिभागियों ने आपसी सौहार्द, संस्कृति और संस्कारों का आदान-प्रदान किया। अंततः राष्ट्रभाव एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के संकल्प के साथ प्रांतीय संस्कृति महोत्सव का भव्य समापन हुआ।