विवाद के बाद धारदार हथियार से हमला, 20 वर्षीय युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
संवाददाता- अरविन्द कुमार न्यूज लाइव पूर्वांचल
पीलीभीत/पूरनपुर। पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रामपुरा कपूरपुर में गुरुवार को दो युवकों के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक की मौत हो गई। गांव के ही एक युवक पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप है। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रामपुरा कपूरपुर निवासी अरबाज (20) और शहबाज (24) एक ही राइस मिल में पल्लेदारी का काम करते थे। गुरुवार, 22 अक्टूबर को दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोपहर करीब 2:15 बजे गांव में शहबाज के घर के पास अरबाज पर किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में अरबाज की मौत हो गई।बताया गया है कि दोनों युवकों के घरों के बीच करीब 300 मीटर की दूरी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इससे पहले दोनों के बीच किसी विवाद की बात सामने नहीं आई थी। घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी शहबाज को हिरासत में ले लिया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।