विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, डीएम ने दिए मतदेय स्थलों के सत्यापन के निर्देश जर्जर मतदान केंद्रों को दूसरे भवनों में शिफ्ट करने की प्रक्रिया समय पर पूरी करें अधिकारी, मतदाता सूची की त्रुटियां सुधारने पर जोर

रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 एवं विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बुधवार, 28 अक्टूबर को वर्चुअल माध्यम से सभी उप जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्वाचन संबंधी तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से सभी मतदेय स्थलों का शत-प्रतिशत स्थलीय निरीक्षण कराते हुए भौतिक सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। निरीक्षण के दौरान मतदान केंद्रों के भवनों की स्थिति का विशेष रूप से परीक्षण किया जाए। जिन भवनों को जर्जर अथवा मतदान के लिए अनुपयुक्त पाया जाता है, उन्हें निकटवर्ती उपयुक्त सरकारी भवन में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी की जाए।

 

उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर बिजली, रैंप, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

 

मतदाता सूची की त्रुटियां दूर करने के निर्देश

 

डीएम ने निर्वाचक नामावलियों में दर्ज मतदाताओं के नाम, आयु, संबंधी का नाम और अन्य विवरणों का गहन परीक्षण एवं पुनः सत्यापन कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा अपूर्णता मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। ऐसे मामलों में प्रपत्र-8 भरवाकर विवरणों में संशोधन सुनिश्चित किया जाए।

 

पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने पर जोर

 

जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष पुनरीक्षण के दौरान नो-मैपिंग अथवा किसी अन्य विसंगति के कारण यदि किसी पात्र मतदाता का नाम निर्वाचक नामावली से छूट गया हो, तो ऐसे मामलों की पहचान कर संबंधित मतदाताओं से प्रपत्र-6 भरवाया जाए और उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाए।

 

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता अनावश्यक रूप से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, ओसी हिमांशु कफलटिया, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी उप जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

 

न्यूज़ लाइव पूर्वांचल | हर पल सच के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *