13 से 18 नवंबर के बीच शुरू होगी चीनी मिलों में गन्ने की पेराई, डीएम ने दिए निर्देश पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों की समीक्षा, मिलों में किसानों के लिए पेयजल, शौचालय और अलाव की होगी व्यवस्था

यरुद्रपुर/ऊधम सिंह नगर। जनपद की सहकारी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की चीनी मिलों में आगामी पेराई सत्र 2026-27 शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कैम्प कार्यालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी चीनी मिलों को 13 से 18 नवंबर के बीच पेराई शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलों की मरम्मत और साफ-सफाई का कार्य समय से पूरा करने पर जोर दिया।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि पेराई सत्र के दौरान किसानों को गन्ना आपूर्ति में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए चीनी मिल परिसरों और गन्ना क्रय केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, प्रतीक्षालय तथा सर्दी को देखते हुए अलाव की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। क्रय केंद्रों पर गन्ने की लोडिंग और अनलोडिंग के लिए श्रमिकों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए।

 

घटतौली रोकने के लिए हर 14 दिन में होगी कांटों की जांच

 

किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने प्रत्येक चीनी मिल में शिकायत निवारण सेल गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक गन्ना आयुक्त को क्रय केंद्रों पर आने वाली छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल संज्ञान लेकर समाधान कराने को कहा। वहीं, घटतौली पर रोक लगाने के लिए बाट-माप निरीक्षक को प्रत्येक 14 दिन में गन्ना तौल कांटों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए।

 

ओवरलोड गन्ना वाहनों पर चलेगा चेकिंग अभियान

 

गन्ना ढुलाई के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को ओवरलोड वाहनों के खिलाफ लगातार चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेराई सत्र के दौरान किसानों की सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

 

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, सहायक गन्ना आयुक्त शैलेन्द्र सिंह, एआरटीओ नवीन सिंह कोठारी और चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक राजबीर सिंह प्रत्यक्ष रूप से मौजूद रहे। वहीं, गन्ना आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया, उप जिलाधिकारी ऋचा सिंह, डॉ. अमृता शर्मा सहित अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।

 

न्यूज़ लाइव पूर्वांचल | हर पल सच के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *