मुड़ेली में विकास कार्यों का जायजा लेने पहुंचे जिंप अध्यक्ष अजय मौर्या, गुणवत्ता पर दिया जोर

खटीमा में जिंप अध्यक्ष अजय मौर्या का दौरा; सीसी रोड और जल निकासी व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

खटीमा। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने शनिवार को खटीमा के ग्राम मुड़ेली क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता को परखा और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी जल भराव की समस्या के समाधान के लिए सख्त निर्देश दिए।

गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं: अजय मौर्या

जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुड़ेली में करीब 10 लाख रुपये की लागत से बनी नवनिर्मित सीसी रोड का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य में मानकों का पूरा पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीण सड़कों की उपयोगिता और उम्र लंबी बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश:

क्षेत्र में जल भराव की समस्या को देखते हुए, अध्यक्ष ने ‘खकरा नाला’ का मौके पर जाकर मुआयना किया। नाले में जमा सिल्ट और अवरोधों को गंभीरता से लेते हुए, उन्होंने ईस्टर फैक्ट्री प्रबंधन और राजस्व विभाग के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सफाई और सुदृढ़ीकरण के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बरसात के मौसम को देखते हुए जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को जल भराव की समस्या का सामना न करना पड़े।

मौके पर ये रहे मौजूद:

इस निरीक्षण के दौरान खटीमा के तहसीलदार वीरेंद्र सिंह सजवान, भाजपा नेता सतीश चंद्र भट्ट, बॉबी ढींगरा, हयात सिंह बिष्ट और वीरेंद्र मौर्य सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि व विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *