खटीमा। तराई का प्रमुख कृषि क्षेत्र खटीमा इन दिनों दोहरी मार झेल रहा है। भीषण गर्मी के बीच गहराते जल संकट और अघोषित बिजली कटौती ने किसानों, व्यापारियों और आम जनता का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। स्थिति इतनी विकट हो गई है कि लोग बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं।
खेतों में पड़ी दरारें, धान की रोपाई पर संकट:
धान उत्पादन के लिए प्रसिद्ध खटीमा में इस बार किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ देखी जा सकती हैं। सिंचाई के साधन—ट्यूबवेल और पंप—या तो सूख चुके हैं या जवाब दे गए हैं। खेतों की मिट्टी में गहरी दरारें पड़ गई हैं। पानी के अभाव में किसानों ने धान की रोपाई रोक दी है, और जो फसलें पहले से तैयार थीं, वे अब सूखने की कगार पर हैं। किसान मायूस होकर आसमान की ओर देख रहे हैं।
‘जल जीवन मिशन’हर घर जल:
‘जल जीवन मिशन,हर घर जल,का धरातल पर तस्वीर उलट है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइनें अधूरी पड़ी हैं और नलों में पानी नहीं पहुंच रहा। हैंडपंप सूख चुके हैं और घरों की मोटरें भी पानी खींचने में नाकाम हैं। भीषण गर्मी में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को पीने के पानी के लिए मीलों दूर भटकना पड़ रहा है।
बिजली की आंख-मिचौली से व्यापार और जनजीवन बेहाल:
पानी की किल्लत के साथ-साथ अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच बार-बार बिजली गुल होने से जहां एक ओर छोटे-बड़े व्यापार प्रभावित हो रहे हैं, वहीं घरों में बच्चों और बुजुर्गों का रहना दूभर हो गया है।