खटीमा | न्यूज लाइव पूर्वांचल। थारू जनजाति प्रमाण पत्र से जुड़े विवादित प्रकरण में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन कर दिया है। उपजिलाधिकारी खटीमा तुषार सैनी ने समिति को निर्देश दिए हैं कि वह पूरे मामले की निष्पक्ष एवं नियमानुसार जांच कर 15 दिनों के भीतर स्पष्ट जांच आख्या प्रस्तुत करे।
यह मामला रागा थारू परिषद, खटीमा एवं अन्य शिकायतकर्ताओं द्वारा उठाया गया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि थारू जनजाति समाज से ईसाई धर्म अपनाने वाले कुछ लोग स्वयं को थारू जनजाति का सदस्य बताकर समाज को भ्रमित कर रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने दान सिंह राणा एवं उनके परिवार के थारू जनजाति प्रमाण पत्र की वैधता की जांच, प्रमाण पत्र निरस्त करने, उनके पुत्र को ग्राम प्रधान पद से हटाने तथा जनजाति के नाम पर मिलने वाली सरकारी सुविधाएं रोकने की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गठित जांच समिति में तहसीलदार खटीमा को अध्यक्ष तथा सहायक खंड विकास अधिकारी एवं सहायक समाज कल्याण अधिकारी को सदस्य बनाया गया है।
प्रशासन के आदेश के अनुसार समिति सभी अभिलेखों एवं तथ्यों का परीक्षण कर नियमानुसार जांच करेगी और 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट उपजिलाधिकारी कार्यालय को सौंपेगी। आदेश की प्रति जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को भी आवश्यक कार्रवाई एवं सूचना के लिए भेजी गई है।
अब पूरे मामले पर सभी की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की प्रशासनिक कार्रवाई तय होगी।