खटीमा। खटीमा की राजनीति में रविवार को उस समय नया मोड़ आया, जब व्यापार मंडल अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी अमन अरोड़ा और भाजपा के सक्रिय सदस्य बादल सक्सेना ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने दोनों का फूल-मालाओं से स्वागत कर सदस्यता दिलाई।
सदस्यता ग्रहण करने के बाद अमन अरोड़ा ने भाजपा पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हालिया व्यापार मंडल चुनाव में शासन-प्रशासन का दुरुपयोग कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, जिसके चलते चुनाव निरस्त करना पड़ा। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
अमन अरोड़ा ने कहा कि छात्र, युवा, किसान, व्यापारी, महिलाएं, मजदूर और गरीब वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से निराश हैं तथा प्रदेश में बदलाव की आवश्यकता महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में खटीमा विधायक भुवन चंद्र कापड़ी को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करने की बात भी कही।
इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश सिंह राठौर, जसविंदर सिंह बाजवा, जिला महासचिव मान सिंह, जिला सचिव मोहम्मद ताहिर, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद, सतपाल राणा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अरविंद कुमार, नासिर खान, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरज कन्याल, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष दीपक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।