ग्रामीणों ने उठाई बाढ़, सड़क और बिजली की समस्याएं, अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
पीलीभीत।कलीनगर। जनपद पीलीभीत के तराई क्षेत्र स्थित महाराजपुर में कलीनगर एसडीएम प्रमेश कुमार की अध्यक्षता में ग्रामीणों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस उच्च स्तरीय बैठक में तराई क्षेत्र की बुनियादी दिक्कतों,आगामी चुनौतियों और खासकर मानसून के मौसम में पैदा होने वाले हालातों को लेकर बेहद गंभीर मंथन हुआ।बैठक के दौरान तराई क्षेत्र के अनेकों ग्राम प्रधानों और भारी संख्या में मौजूद ग्रामीणों ने एसडीएम के समक्ष अपनी मुख्य और लंबित समस्याएं रखीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में हर साल आने वाले बाढ़ के संकट, जर्जर हो चुकीं सड़कों, बिजली की अघोषित कटौती और शुद्ध पेयजल की किल्लत से जुड़ी जनसमस्याओं को अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों का कहना था कि तराई क्षेत्र होने के कारण बाढ़ के दिनों में उनकी मुश्किलें कई गुना बढ़ जाती हैं।ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम प्रमेश कुमार व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने केवल बैठक ही नहीं की, बल्कि तुरंत मौके पर जाकर प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। बाढ़ की विभीषिका से निपटने की तैयारियों को परखते हुए अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को जागरूक किया गया कि बाढ़ के समय किस तरह त्वरित रूप से रेस्क्यू (बचाव कार्य) किया जाएगा। अधिकारियों ने आपातकालीन स्थितियों में सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने और प्रशासन से तुरंत संपर्क साधने की विस्तृत जानकारी साझा की।मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों व स्थानीय जनप्रतिनिधियों की एक-एक बात को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना। एसडीएम ने मौके पर ही मौजूद विभिन्न विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश देते हुए सभी समस्याओं के जल्द से जल्द और समयबद्ध निस्तारण का ठोस आश्वासन दिया। अधिकारियों से मिले इस सकारात्मक और त्वरित आश्वासन के बाद ग्राम प्रधानों सहित क्षेत्र के सभी ग्रामीणों ने प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया।इस बेहद महत्वपूर्ण बैठक और निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से नायब तहसीलदार अक्षय यादव, पूर्ति निरीक्षक हिमांशु, रमनगरा पुलिस बल, तराई क्षेत्र के अनेकों ग्राम प्रधान सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।