बनबसा बैराज से दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने की संभावना, तराई क्षेत्र में अलर्ट

कलीनगर/पीलीभीत। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के चलते तराई क्षेत्र में नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात बनबसा बैराज से दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर कलीनगर तहसील के तराई क्षेत्र में रहने वाले ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।

ग्रामीणों से कहा गया है कि घरों में रखा अनाज, जरूरी सामान, दस्तावेज और कीमती वस्तुएं सुरक्षित रखते हुए ऊंचे स्थानों पर रखें, ताकि अचानक जलभराव की स्थिति में नुकसान से बचा जा सके।

इसके अलावा लोगों को निचले इलाकों और नदी किनारे जाने से बचने तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में पूरी तरह सतर्क रहने की सलाह दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।

प्रशासन ने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है। संभावित जलस्तर वृद्धि को देखते हुए तराई क्षेत्र में लोगों से सतर्कता बरतने और प्रशासन के अलर्ट को गंभीरता से लेने की अपील की गई है।
संवाददाता-अरविंद कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *