सिपाही की सूझबूझ से बची व्यक्ति की जान,नहर में छलांग लगाने से पहले रोका

पूरनपुर/पीलीभीत। कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मी की सतर्कता और सूझबूझ से शनिवार को एक 52 वर्षीय व्यक्ति की जान बच गई। पारिवारिक विवाद से परेशान व्यक्ति बड़ी नहर पुल से नहर में छलांग लगाने की कोशिश कर रहा था। तभी ड्यूटी पर तैनात रिक्रूट आरक्षी सौरभ कुमार की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए उसे सकुशल रोक लिया।जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को थाना पूरनपुर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा को लेकर बड़ी नहर पुल पर पुलिस बल तैनात था। इसी दौरान रिक्रूट आरक्षी सौरभ कुमार (पीएनओ-252595880) ने पुल के किनारे एक व्यक्ति को परेशान हालत में खड़ा देखा। उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर आरक्षी तुरंत उसके पास पहुंचे और बातचीत के जरिए उसे समझाने का प्रयास किया। सिपाही की सूझबूझ से व्यक्ति को नहर में छलांग लगाने से पहले ही रोक लिया गया पूछताछ में व्यक्ति की पहचान रामऔतार (52 वर्ष), पुत्र राधेश्याम, निवासी लाइनपार गौटिया, पानी की टंकी के पास, थाना पूरनपुर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, रामऔतार ने बताया कि घरेलू विवाद को लेकर पत्नी से कहासुनी के बाद वह काफी परेशान था और इसी वजह से नहर पुल पर पहुंचा था।घटना के बाद पुलिस रामऔतार को सकुशल थाना पूरनपुर लेकर पहुंची। वहां पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराई और पारिवारिक विवाद को आपसी बातचीत एवं समझदारी से सुलझाने की सलाह दी। पुलिस ने भविष्य में इस तरह का कदम नहीं उठाने के लिए भी समझाया। व्यक्ति ने आगे ऐसा कदम न उठाने पर सहमति जताई।पुलिसकर्मी की तत्परता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। समय रहते आरक्षी सौरभ कुमार द्वारा दिखाई गई सूझबूझ से एक व्यक्ति की जान बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *