खटीमा। वर्ष 1994 के खटीमा गोलीकांड की 32वीं बरसी पर मंगलवार को खटीमा शहीद स्थल पर उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने राज्य निर्माण आंदोलन के शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं राज्य आंदोलनकारी मौजूद रहे।श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए काशी सिंह ऐरी ने कहा कि राज्य गठन के 26 वर्ष बाद भी शहीदों के सपनों का उत्तराखंड नहीं बन पाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार के लिए भटक रहा है, जबकि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। सरकारी अस्पतालों की स्थिति ऐसी है कि वे मात्र रेफर सेंटर बनकर रह गए हैं।उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी और जल, जंगल एवं जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि राज्य निर्माण के समय जिस खुशहाल उत्तराखंड की कल्पना की गई थी, वह सपना अभी अधूरा है। उनका कहना था कि अलग राज्य बनने के बाद युवाओं को रोजगार, बेहतर शिक्षा और अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने की उम्मीद थी, लेकिन अपेक्षित बदलाव नहीं हो सका।इस दौरान उत्तराखंड राज्य निर्माण सेनानी प्रकोष्ठ के केंद्रीय अध्यक्ष शिव शंकर भाटिया, चंद्रशेखर कापड़ी, भुवन जोशी, विनोद कुमार घड़ियाल, कैप्टन धन बहादुर चंद, रोहित भट्ट, होशियार सिंह जेठी, प्रकाश उत्तराखंडी, खड़क सिंह बगड़वाल, दीपक ढोंडियाल, हरेंद्र प्रसाद उत्तराखंडी, शिवलाल रस्तोगी, दीवान सिंह मेहता, योगेश बोरा, जोध सिंह मनोल, दिनेश कुंजवाल, कैलाश सिंह पांगती, शहाबुद्दीन अंसारी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यकर्ताओं ने शहीद राज्य आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करने तथा उत्तराखंड के हितों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।