पीलीभीत/उत्तर प्रदेश की पीलीभीत पुलिस को “डिजिटल अरेस्ट” के नाम पर देश भर में ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 25 वर्षीय अभियुक्त फैसल सिद्धकी पुत्र कमरुद्दीन सिद्धकी को दिल्ली के शाहीन बाग (जामिया नगर) से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, यह शातिर साइबर गिरोह आम नागरिकों को फोन या ऑनलाइन माध्यम से संपर्क कर खुद को सीबीआई, प्रवर्तन निदेशालय (ED) या पुलिस अधिकारी बताता था। गिरोह के सदस्य पीड़ितों को फर्जी आपराधिक मामलों में संलिप्त होने का डर दिखाकर “डिजिटल अरेस्ट” का दबाव बनाते थे और उनसे अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करवा लेते थे।
इस मामले में बीएनएस की धारा 318(4), 337, 338, 308(2), 319(2) और 66-डी आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के बाद गैंग की आपराधिक गतिविधियों के आधार पर साइबर थाना पीलीभीत में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जिसमें आरोपी लगातार फरार चल रहा था।16 सितंबर को उप-निरीक्षक तरुण कुमार, आरक्षी अजय कुमार और ध्रुव कुमार की टीम ने अभियुक्त को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर रही है।