खटीमा (ऊधम सिंह नगर)। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 25 सितंबर 2026 को विद्या भारती के तत्वावधान में देशभर में सामूहिक वंदे मातरम् गायन कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में उत्तराखंड के खटीमा स्थित सरस्वती विद्या मंदिर और सरस्वती शिशु मंदिर में भी भव्य सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के स्वरों से गूंज उठा। आचार्यों, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने एक स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन कर राष्ट्रगीत के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया।कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में संजीदा जी तथा अध्यक्ष के रूप में अनिल वर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के साथ अभिभावक समाज और विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सामूहिक गायन के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत नजर आया।सरस्वती शिशु मंदिर खटीमा में आयोजित कार्यक्रम में कुल 605 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें विद्यालय के भैया-बहनों, आचार्य परिवार, अभिभावकों और अन्य गणमान्य लोगों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व से नई पीढ़ी को परिचित कराना तथा विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, एकता और राष्ट्रीय चेतना की भावना को मजबूत करना रहा।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री देव सिंह ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्यों, आचार्यों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा का प्रतीक है। यह राष्ट्रगीत देशवासियों में मातृभूमि के प्रति समर्पण, सम्मान और गौरव की भावना जागृत करता है।प्रधानाचार्य ने कहा कि वंदे मातरम् की ऐतिहासिक विरासत को सहेजना और उसके भावों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति के संस्कार विकसित करने के साथ ही उन्हें राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में गूंजे वंदे मातरम् के स्वरों ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रीय गौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का संदेश दिया।