*राय सिख समाज अपनी मांगों को लेकर मुखर, विधानसभा में अपना प्रतिनिधि भेजने की तैयारी*
*हक-हकूक के लिए एकजुट हुआ राय सिख समाज, संवैधानिक अधिकार की उठी मांग*
नानकमत्ता/मझोला। राय सिख समाज की लंबे समय से चली आ रही मांगों और सामाजिक मुद्दों को लेकर छवि पातशाही गुरुद्वारा श्री किला साहिब, विडौरा मझोला के परिसर में समाज की बैठक आयोजित हुई। बैठक में राय सिख समाज के नेता, कार्यकर्ता, समाजसेवी, बुद्धिजीवी और विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि पूरे भारत के राय सिख समाज को अनुसूचित जाति का संवैधानिक अधिकार और दर्जा मिलना चाहिए। वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से समाज की मांगों की अनदेखी होती रही है। अब समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करनी होगी। बैठक में विधानसभा में समाज का अपना प्रतिनिधि भेजने की दिशा में तैयारी करने पर भी चर्चा हुई। राय सिख समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रमुख सरदार गुरदेव सिंह ने कहा कि बैठक का उद्देश्य समाज को एक मंच पर लाकर उसकी दशा और दिशा पर विचार करना है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आगे आने की अपील की। सरदार मंजीत सिंह ने समाज में लंबे समय से चले आ रहे बिखराव पर चिंता जताते हुए जागरूक नागरिकों से अपने हक और हकूक के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। सरदार गुरनाम सिंह ने नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपने की आवश्यकता बताई। वहीं सरदार संता सिंह ने सामाजिक और पारिवारिक अनुशासन को समाज की मजबूती के लिए जरूरी बताया। सरदार सतपाल सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में होने के बावजूद राय सिख समाज आज भी कई स्तरों पर पिछड़ा हुआ है, जो चिंतन का विषय है। सरदार सतनाम सिंह और सरदार जनरल सिंह ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए समाज के लोगों से युवाओं को नशे से दूर रखने की अपील की। सभा के संचालक एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी दर्शन सिंह मलंगी ने कहा कि पिछले 26 वर्षों में राष्ट्रीय राजनीतिक दलों ने राय सिख समाज की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया। अब समाज को अपने अधिकारों के लिए स्वयं निर्णय लेना होगा और अपने चुने हुए प्रतिनिधियों के माध्यम से विधानसभा में आवाज उठानी होगी।
बैठक में मौजूद उत्तराखंड क्रांति दल के जिला अध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद उत्तराखंडी ने राय सिख समाज के निर्णय का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि राय सिख समाज, बंगाली समाज और पूर्वांचल समाज की कई समस्याएं समान हैं। ऐसे में सभी समाजों को एक मंच पर आकर संवैधानिक अधिकारों के लिए संघर्ष करना चाहिए। बैठक में सरदार दर्शन सिंह, गुरदेव सिंह, सरदार आलम सिंह, सरदार जगदेव सिंह, ग्राम प्रधान गुरचरण सिंह, महेंद्र सिंह, जगजीत सिंह, जय सिंह, बूड़ सिंह, प्रताप सिंह, कुलवंत सिंह, लद्दा सिंह, बलवंत सिंह, लक्खा सिंह, वीरेंद्र सिंह, मुख्तार सिंह, चरण सिंह, अमर सिंह, कृपाल सिंह, हरभजन सिंह, गुरमीत सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
संवाददाता.उत्तम कुमार