जनहित के मुद्दे उठाने वाले सत्येंद्र कुमार को सुरक्षा गनर देने की मांग

खटीमा। जनहित के मुद्दों को लगातार उठाने वाले सत्येंद्र कुमार की सुरक्षा की मांग को लेकर शनिवार को क्षेत्रवासियों ने तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर को ज्ञापन सौंपकर सत्येंद्र कुमार को नियमानुसार सुरक्षा गनर उपलब्ध कराने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि सत्येंद्र कुमार लंबे समय से क्षेत्र की जनता, गरीबों और विभिन्न सामाजिक वर्गों से जुड़े जनहित के मुद्दे उठाते रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि इसी सक्रियता के चलते उन्हें विरोध और धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि रुद्रपुर विधायक द्वारा एक समुदाय विशेष को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आवाज उठाने के बाद सत्येंद्र कुमार को जान से मारने की धमकियां मिली हैं। साथ ही उन पर राजनीतिक दबाव बनाने और झूठे मुकदमों में फंसाने की साजिश किए जाने का भी आरोप लगाया गया। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की कि सत्येंद्र कुमार की सुरक्षा को लेकर खतरे का निष्पक्ष आकलन कराया जाए और आवश्यकतानुसार उन्हें सुरक्षा गनर उपलब्ध कराया जाए।

इस दौरान राजा गौतम, तुलसी प्रसाद, रवि कुमार, जितेंद्र सिंह, राजू, अमित, अर्जुन, दयानंद, विक्रम, दीपक कुमार और अभिषेक सहित दर्जनों क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *