अंकिता भंडारी को न्याय देने के बजाय कथित VIP को राज्यपाल बनाना दुर्भाग्यपूर्ण: भुवन कापड़ी खटीमा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति के विरोध में फूंका भाजपा सरकार का पुतला, उठाई निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग

खटीमा, 15 अक्टूबर। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित VIP के मुद्दे और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में गुरुवार को खटीमा मुख्य चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। विधायक भुवन कापड़ी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला फूंकते हुए अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने और मामले से जुड़े सवालों का निष्पक्ष जवाब देने की मांग उठाई।

 

प्रदर्शन के दौरान विधायक भुवन कापड़ी ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका को लेकर जनता के मन में सवाल हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सवालों का स्पष्ट जवाब देने के बजाय दुष्यंत गौतम को संवैधानिक पद पर नियुक्त किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। कापड़ी ने कहा कि यह मामला उत्तराखंड की जनता की भावनाओं और अंकिता को न्याय दिलाने की मांग से जुड़ा है।

 

विधायक ने कहा कि हत्याकांड के बाद घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को लेकर भी सवाल उठे थे। उन्होंने कहा कि जनदबाव के बाद सरकार ने सीबीआई जांच की बात कही, लेकिन अंकिता के माता-पिता की न्याय की मांग अब भी जारी है। उन्होंने दिल्ली में न्याय की मांग कर रहे अंकिता के माता-पिता को हिरासत में लिए जाने पर भी सवाल उठाए।

 

भुवन कापड़ी ने कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि हत्याकांड से जुड़े सभी सवालों की निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को न्याय के लिए लगातार संघर्ष न करना पड़े।

 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के माध्यम से अंकिता भंडारी मामले में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और पीड़ित परिवार की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

 

ये रहे मौजूद

 

प्रदर्शन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य उमेश सिंह राठौर, प्रदेश सचिव देवेंद्र कन्याल, नासिर खान, नगर अध्यक्ष अमन अरोरा, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद, सतपाल राणा, जिला महासचिव एससी प्रकोष्ठ निर्दोष कुमार, राजकिशोर सक्सेना, नरेंद्र आर्य, युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष गुफरान, मुकेश कुमार, लक्ष्मण राणा, मोहम्मद ताहिर, बीना राणा, अनिल विश्वकर्मा, उमेश कुमार, शाहबुद्दीन, दीपक चंद, युवराज प्रताप, राजीव जोशी, फईम, इमरान, राजकुमार चौहान, रेहान अंसारी और भूपेंद्र गंगवार सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

खटीमा / रिपोर्टर.अरविंद कुमार

न्यूज लाइव पूर्वांचल पोर्टल | हर खबर बेबाकी के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *