संवाददाता-अरविंद कुमार न्यूज लाइव पूर्वांचल
कलीनगर/पीलीभीत। जनपद पीलीभीत की तहसील कलीनगर क्षेत्र के ग्राम गभिया सहराई में चल रहे पांच दिवसीय दुर्गा पूजा मेले में मंगलवार की रात्रि भाजपा विधायक बाबूराम पासवान और कलीनगर तहसीलदार वीरेंद्र कुमार पहुंचे। दोनों ने मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। इस दौरान रमनगरा पुलिस की मुस्तैदी देखने को मिली। पुलिसकर्मी मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आए।मेले में पहुंचे भाजपा विधायक बाबूराम पासवान ने मां दुर्गा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा से श्रद्धालुओं और पूजा आयोजन समिति में उत्साह देखने को मिला। विधायक ने मंच से उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए धार्मिक आस्था, आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने दुर्गा पूजा के आयोजन की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रयासों की प्रशंसा की।वहीं, मेले में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों का लोगों ने भरपूर आनंद उठाया। मां दुर्गा के दर्शन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने के लिए मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। पूरे परिसर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत प्रतिनिधि शिवकुमार गाइन, ग्राम प्रधान अजय बैद, सुभाष सिकदर,नगरिया खुर्द कला के ग्राम प्रधान विवेकानंद सरकार, संजय तिवारी और हरेंद्र राजभर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर अतिथियों को पटका पहनाकर और बैज लगाकर सम्मानित किया गया। साथ ही मां दुर्गा की प्रतिमा भेंट कर जनप्रतिनिधियों का अभिनंदन किया गया। वहीं दुर्गा पूजा मेले में धार्मिक आस्था,सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सुरक्षा व्यवस्था का बेहतर समन्वय देखने को मिला। आयोजन समिति के सदस्यों और पुलिस की सतर्कता के बीच श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद उठाया।