खटीमा ऊधम सिंह नगर। रामलीला ग्राउंड में चल रहे भव्य रामलीला महोत्सव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर समस्त प्रदेशवासियों, क्षेत्रवासियों तथा खटीमा में रामलीला मंचन के दौरान उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेरी हार्दिक इच्छा थी कि मैं स्वयं उपस्थित होकर आप सभी देवतुल्य जनता के साथ इस पावन आयोजन का हिस्सा बनूं लेकिन पहले से निर्धारित कार्यक्रमों की वजह से उपस्थित नहीं हो पाया फिर भी मेरी भावनाएं और शुभकामनाएं सदैव आपके साथ हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की पहचान समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आध्यात्मिक परंपराओं और लोक आस्था से है, भगवान श्री राम के आदर्श हमें सत्य, मर्यादा, त्याग, कर्तव्य निष्ठा और जन सेवा का मार्ग दिखाते हैं। रामलीला जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक धरोहरों को जीवंत रखने के साथ-साथ कई पीढ़ियों को सनातनी संस्कारों एवं आदर्श से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड को समृद्ध, सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने का निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बेहतर कनेक्टिविटी, आधारभूत सुविधाओं के विकास और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर प्रयास किया जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम उत्तराखंड में आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य कर रहे हैं। आप सभी देवतुल्य जनता के आशीर्वाद से मुझे प्रदेश के मुख्य सेवक के रूप में जो जिम्मेदारी मिली है उसका निर्वहन में पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करें और हमारी संस्कृति एवं आध्यात्मिक विरासत निरंतर समृद्ध होती रहे। इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खटीमा में रामलीला मंचन हेतु जगह की कमी तथा होने वाली असुविधाओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी उधम सिंह नगर को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है ताकि श्रद्धालुओं एवं राम भक्तों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि अपनी विरासत और संस्कृति को और आगे बढ़ाने के लिए हम सदैव कार्य करते रहेंगे। मुझे पूरा विश्वास है कि आप रामलीला के इस महान उत्सव का भरपूर आनंद लेंगे और बढ़ चलकर भागीदारी करेंगे। मुख्यमंत्री धामी ने सनातन श्री रामलीला पात्र परिषद को 61 वें रामलीला उत्सव की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभु श्री राम की कृपा आप सभी पर बनी रहे तथा यह पावन परंपरा आने वाली पीढ़ियों में इसी श्रद्धा भक्ति और उत्साह के साथ निरंतर आगे बढ़ती रहे। इसके साथ ही उन्होंने दीपावली, भैया दूज, गोवर्धन पूजा तथा छठ पूजा की भी अग्रिम शुभकामनाएं दी।