खटीमा। सुरई वन क्षेत्र से सटे शारदा सागर में प्रवासी पक्षियों का शिकार कर रहे दो आरोपियों को वन विभाग की टीम ने घेर लिया। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा पानी में कूदकर फरार हो गया। वन विभाग ने पकड़े गए आरोपी के कब्जे से 12 मृत प्रवासी पक्षी और शिकार में इस्तेमाल होने वाला चारा बरामद किया है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को वन विभाग की टीम शारदा सागर में गश्त कर रही थी। इसी दौरान नरकुल घास की आड़ में दो संदिग्ध प्रवासी पक्षियों का शिकार करते मिले। टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इस बीच एक आरोपी मौका पाकर पानी में कूदकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को वन कर्मियों ने पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहित कुमार पुत्र मनोज कुमार, निवासी ग्राम सिसैया बंधा, थाना झनकईया, खटीमा के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान राजू पुत्र सहेतू, निवासी सिसैया बंधा के रूप में बताई गई है। तलाशी के दौरान रोहित के पास से एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में 12 मृत प्रवासी पक्षी तथा काली थैली में शिकार के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कुछ कीड़े बरामद हुए। वन विभाग की टीम आरोपी को बरामद सामग्री सहित रेंज कार्यालय ले आई, जहां उसके खिलाफ वन्यजीव संरक्षण से संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। यह कार्रवाई प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी, उप प्रभागीय वनाधिकारी खटीमा के आदेश तथा वन क्षेत्राधिकारी सुरई के निर्देशन में की गई। टीम में वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह मनराल, डिप्टी रेंजर सुंदरलाल वर्मा सहित अन्य वनकर्मी शामिल रहे।