मझोला-सितारगंज मार्ग को फोरलेन बनाने की मांग, कपिल अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री धामी को सौंपा ज्ञापन, यातायात और व्यापार को मिलेगा लाभ।

खटीमा। मझोला-सितारगंज मार्ग के उत्तराखंड क्षेत्र को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कपिल अग्रवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने सीमांत क्षेत्र के विकास और आवागमन की सुविधा को देखते हुए मार्ग के चौड़ीकरण की आवश्यकता बताई। कपिल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को बताया कि मझोला-सितारगंज मार्ग का उत्तर प्रदेश की सीमा में आने वाला हिस्सा लोक निर्माण विभाग की ओर से पहले ही फोरलेन बनाया जा रहा है। ऐसे में उत्तराखंड के हिस्से को भी फोरलेन किए जाने से मझोला से नैनीताल और दिल्ली जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी तथा करीब 30 मिनट के सफर की बचत होगी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार इसी मार्ग पर औद्योगिक हब विकसित कर रही है, जहां इंग्लैंड की एबी मोरी सहित कई बड़ी कंपनियां और फैक्ट्रियां स्थापित हो रही हैं। ऐसे में मार्ग के चौड़ीकरण से औद्योगिक गतिविधियों, व्यापार और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मार्ग फोरलेन होने से यातायात सुगम और सुरक्षित होगा तथा जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान मनजिंदर सिंह हांडा, कारज सिंह गिल, नितिन गोयल, मोहित गोगिया, करण गुंबर, चिराग मित्तल, रजत अग्रवाल, सतनाम बल गगन और अवनीत गोराया मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *