शारदा सागर में प्रवासी पक्षियों का शिकार करते एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा पानी में कूदकर फरार 12 मृत प्रवासी पक्षी बरामद, वन विभाग की टीम ने आरोपी को पकड़ा; फरार शिकारी की तलाश जारी

खटीमा। सुरई वन क्षेत्र से लगे शारदा सागर में प्रवासी पक्षियों के अवैध शिकार का मामला सामने आया है। शुक्रवार को गश्त के दौरान वन विभाग की टीम ने शिकार कर रहे दो संदिग्धों को घेर लिया। वन कर्मियों ने नरकुल घास की आड़ लेकर दोनों को पकड़ने का प्रयास किया, जिसमें एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरा मौका पाकर पानी में कूदकर फरार हो गया।

 

वन विभाग की टीम ने पकड़े गए आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे में 12 मृत प्रवासी पक्षी और एक काली थैली में पक्षियों को फंसाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले कुछ कीड़े बरामद हुए। पूछताछ और मौके की गतिविधियों के आधार पर दोनों के प्रवासी पक्षियों के शिकार में शामिल होने की बात सामने आई।

 

पकड़े गए आरोपी की पहचान रोहित कुमार पुत्र मनोज कुमार, निवासी ग्राम सिसैया बंधा, थाना झनकईया, खटीमा के रूप में हुई है। वहीं फरार आरोपी की पहचान राजू पुत्र सहेतू, निवासी सिसैया बंधा के रूप में बताई गई है।

 

यह कार्रवाई प्रभागीय वनाधिकारी तराई पूर्वी वन प्रभाग हल्द्वानी एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी खटीमा के आदेश तथा वन क्षेत्राधिकारी सुरई के निर्देशन में वन एवं वन्यजीव सुरक्षा अभियान के तहत की गई।

 

वन विभाग की टीम बरामद मृत पक्षियों और अन्य सामग्री के साथ गिरफ्तार आरोपी को रेंज कार्यालय ले गई, जहां उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में वन विभाग की टीम जुटी हुई है।

 

कार्रवाई के दौरान सुरई वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह मनराल, डिप्टी रेंजर सुंदरलाल वर्मा सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

 

न्यूज़ लाइव पूर्वांचल | हर पल सच के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *