खटीमा के दीपावली मेले में पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, 20 नए छठ घाट बनाने की घोषणा ऊधम सिंह नगर, देहरादून और चम्पावत में विकसित होंगे छठ पूजा स्थल, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर दिया जोर

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार, 2 नवंबर को खटीमा में भारत विकास परिषद द्वारा आयोजित 14वें दीपावली मेले में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए ऊधम सिंह नगर, देहरादून और चम्पावत जिलों में नए छठ पूजा घाटों के निर्माण की घोषणा की।

 

मुख्यमंत्री ने जनपद ऊधम सिंह नगर के काशीपुर, जसपुर, रुद्रपुर, बाजपुर, गदरपुर, सितारगंज, खटीमा और किच्छा सहित विभिन्न स्थानों पर 20 छठ घाट बनाए जाने की घोषणा की। इसके अलावा देहरादून के प्रेमनगर में टोंस नदी के दाहिने तट, विकासनगर के बाढ़वाला में यमुना नदी के तट तथा चम्पावत के बनबसा में भी छठ पूजा घाट विकसित किए जाएंगे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत विकास परिषद जैसे सामाजिक संगठन सेवा, संस्कार और समर्पण के माध्यम से समाज को एकजुट करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।

 

धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक स्थलों के पुनरुत्थान, सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए तेजी से काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आपदा से प्रभावित बाबा केदारनाथ धाम को भव्य एवं दिव्य स्वरूप देने का कार्य तेजी से आगे बढ़ा है। केदारखंड की तर्ज पर मानसखंड के पौराणिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों का पुनर्निर्माण तथा आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि हरिद्वार-ऋषिकेश में गंगा कॉरिडोर और मां शारदा के तट पर शारदा कॉरिडोर का कार्य लगभग 3,000 करोड़ रुपये की लागत से आगे बढ़ रहा है। वहीं, भारतीय संस्कृति, दर्शन और इतिहास के अध्ययन को प्रोत्साहित करने के लिए दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडी की स्थापना भी की गई है।

 

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी, मोहनी पोखरिया, किशन सिंह, संतोष गौरव, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री रमेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय, हिमांशु बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

 

न्यूज़ लाइव पूर्वांचल | हर पल सच के साथ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *