खटीमा में बिजली संकट पर कांग्रेस का हल्ला बोल: विभाग को दी उग्र आंदोलन की चेतावनी।

खटीमा। क्षेत्र में व्याप्त भीषण बिजली संकट, अघोषित कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों के विरोध में आज कांग्रेस ने कड़ा रुख अपना लिया है। विधायक भुवन चंद्र कापड़ी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत वितरण उपखंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया और विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

13 महीने की बिलिंग का आरोप:
प्रदर्शन के दौरान विधायक भुवन चंद्र कापड़ी ने प्रदेश सरकार और विद्युत विभाग पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग की मनमानी चरम पर है। उन्होंने कहा, “पहले बिल दो महीने के अंतराल पर आता था, लेकिन अब मात्र 28 दिनों में ही कई गुना अधिक बिल भेजे जा रहे हैं। यह सीधे तौर पर 12 महीनों के बजाय 13 महीनों की बिलिंग करने जैसा अवैध कृत्य है, जिससे आम जनता की जेब पर डाका डाला जा रहा है।”

हर वर्ग त्रस्त, विकास कार्य ठप:
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने सरकार को आईना दिखाते हुए कहा कि अघोषित बिजली कटौती से खटीमा का हर वर्ग परेशान है:

किसान:भीषण गर्मी के बीच सिंचाई के अभाव में फसलें बर्बाद हो रही हैं।
विद्यार्थी: बिजली न होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई बुरी तरह बाधित हो रही है।
व्यापारी। निरंतर बिजली कटौती के कारण व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

सरकार को दी उग्र आंदोलन की चेतावनी:
विधायक कापड़ी ने विभाग को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में नियमित और निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई और मनमानी बिलिंग पर लगाम नहीं लगाई गई, तो कांग्रेस इस जन-आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी।

प्रदर्शन में इनकी रही उपस्थिति
इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जसविंदर सिंह बाजवा, ब्लॉक अध्यक्ष विनोद चंद, सतपाल राणा, पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेंद्र आर्य, राजकिशोर सक्सेना, प्रवीण बिष्ट, अरविंद कुमार, नासिर खान, शमीम, नवीन जोशी, गौर राणा, नंदकिशोर, नंदन सिंह, ताहिर, जरीफ, दीपक मुडेला, अय्यूब, लतीफ शाह, चंचल, तरणवीर सिंह, तस्लीम, गोपाल चंद, छोटेलाल यादव, पंकज मेहता, अंकित सिंह, मनोज कोहली, रेहान अंसारी, सोनू चीमा, सुखविंदर पंढेर, अनिरुद्ध, तरुण ज्याला, फईम और इमरान सहित भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *