???? न्यूज लाइव पूर्वांचल | खटीमा। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर खटीमा में चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी ने प्रेस वार्ता के माध्यम से स्थानीय मुद्दों को चुनाव के केंद्र में रखने का दावा करते हुए जनसंपर्क अभियान शुरू करने की घोषणा की।
जिलाध्यक्ष हरेंद्र प्रसाद उत्तराखंडी ने बताया कि खटीमा विधानसभा से रोहित भट्ट ने प्रबल दावेदारी पेश की है और वे लगातार जनता के बीच पहुंचकर क्षेत्र की समस्याओं को सुन रहे हैं।
संभावित प्रत्याशी रोहित भट्ट ने कहा कि यूकेडी जल, जंगल, जमीन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, रोजगार और किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी, युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति और स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता न मिलने को गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि जनता का विश्वास मिलने पर इन मुद्दों को मजबूती से उठाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि राज्य निर्माण में यूकेडी की अहम भूमिका रही है, लेकिन राज्य गठन के वर्षों बाद भी आम जनता की अपेक्षाएं पूरी नहीं हो सकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय दल स्थानीय समस्याओं की अनदेखी कर रहे हैं, जबकि यूकेडी भू-कानून, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था जैसे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है।
पार्टी नेताओं ने दावा किया कि यूकेडी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इस दौरान कैलाश भट्ट, वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी हरीश फुलेरा, कार्यकारी अध्यक्ष शिवलाल रस्तोगी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।