न्यूज लाइव पूर्वांचल। खटीमा । गायत्री हॉस्पिटल की वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ (गायनेकोलॉजिस्ट) डॉ. अनीता चौधरी को समाज सेवा और स्वास्थ्य क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के प्रतिष्ठित ‘कम्युनिटी सर्विस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली में आयोजित भव्य समारोह में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चिकित्सा जगत की अनेक विशिष्ट हस्तियों की उपस्थिति में प्रदान किया। डॉ. अनीता चौधरी पिछले 25 वर्षों से खटीमा में महिला स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में समर्पित भाव से कार्य कर रही हैं। इसके साथ ही वर्ष 2014 से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों और उनके परिवारों के लिए जागरूकता, सहयोग एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। चिकित्सा सेवा के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति उनकी निरंतर प्रतिबद्धता को देखते हुए उन्हें यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर खटीमा एवं ऊधम सिंह नगर के चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए डॉ. अनीता चौधरी को बधाई दी और इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया।