रेलवे के गड्ढे में भरे बारिश के पानी में दिखे तीन मगरमच्छ, वन विभाग ने जारी की सतर्कता, जल्द होगा रेस्क्यूl
न्यूज लाइव पूर्वांचल।
खटीमा। खटीमा क्षेत्र के ग्राम हल्दी घेरा में आबादी के नजदीक तीन मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। बताया जा रहा है कि गांव के समीप रेलवे विभाग द्वारा खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भरने के बाद मगरमच्छों ने डेरा जमा लिया है। ग्रामीणों के अनुसार तीनों मगरमच्छ कई बार गड्ढे से निकलकर मुख्य रास्तों और खेतों के आसपास घूमते देखे गए हैं।
मगरमच्छों की मौजूदगी से सबसे अधिक चिंता उन परिवारों को है जिनके घर जलभराव वाले क्षेत्र के पास हैं। महिलाएं, किसान और मवेशी पालक खेतों में जाने से डर रहे हैं, जबकि बच्चों को भी घरों से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है। शाम होते ही पूरे इलाके में सन्नाटा छा जाता है।
मामले की सूचना भाजपा नेता गुरप्रीत सिंह खिंडा ने साइफन चौकी के वन दरोगा शंकर सिंह निखुर्पा को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। विभाग का कहना है कि जल्द ही रेस्क्यू अभियान चलाकर मगरमच्छों को सुरक्षित रूप से ककरा क्रोकोडाइल ट्रेल में छोड़ा जाएगा।