पीलीभीत। देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर वीर सपूतों की स्मृति को सहेजने के लिए जनपद प्रशासन ने एक बेहद सराहनीय और बड़ी पहल की है। राष्ट्रीय राजमार्ग-730 (NH-730) पर स्थित पूरनपुर का कारगिल शहीद पार्क,जो लंबे समय से प्रशासनिक उपेक्षा के कारण जर्जर और बदहाल स्थिति में था, अब जल्द ही एक भव्य और गरिमामय नए स्वरूप में नजर आएगा।दरअसल,इस ऐतिहासिक पार्क की दुर्दशा और दिशाहीन स्थिति को सामाजिक संस्था ‘नेकी की दीवार’ ने प्रमुखता से उठाते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह के संज्ञान में लाया था। मामले की संवेदनशीलता और शहीदों के सम्मान को सर्वोपरि रखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल एक्शन लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पार्क के सौंदर्यीकरण और सभी आवश्यक विकास कार्यों को युद्धस्तर पर शुरू करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन का मानना है कि यह पहल सिर्फ एक पार्क का जीर्णोद्धार नहीं है, बल्कि देश की सीमाओं पर अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले उन अमर शहीदों के प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि और कृतज्ञता है।प्रशासनिक अमला अब पार्क को नया लुक देने की तैयारियों में जुट गया है। इसी क्रम में आगामी 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर इस नव-विकसित कारगिल शहीद पार्क में एक बेहद गरिमामय और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में जहाँ एक ओर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी, वहीं दूसरी ओर देश भक्ति, स्वच्छता और जन-जागरूकता का संदेश भी दिया जाएगा।इस त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई पर ‘नेकी की दीवार’ सामाजिक संस्था ने जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह और जनपद प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया है। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि शहीदों की स्मृतियों का संरक्षण और उनका सम्मान करना हर सच्चे नागरिक का परम कर्तव्य है। इसके साथ ही संस्था ने पीलीभीत और पूरनपुर की जनता से अपील की है कि 26 जुलाई को होने वाले इस राष्ट्रभक्ति के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर हमारे वीर सपूतों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करें।