पीलीभीत/कलीनगर। चुका स्थित एसएसबी कैंप के निकट क्षतिग्रस्त रैंप एक बार फिर हादसे का कारण बन गया। सोमवार को सवारियों से भरा एक टुकटुक रैंप पर पलट गया, जिसमें कई महिलाएं घायल हो गईं। हालांकि सभी को मामूली चोटें आईं और बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी रैंप पर कुछ दिन पहले एक ट्रैक्टर भी पलट चुका है। इसके बावजूद संबंधित विभाग ने अब तक रैंप की मरम्मत नहीं कराई है। रैंप पर बने गहरे गड्ढों और जर्जर सड़क के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग तहसील और जिला मुख्यालय सहित अन्य स्थानों के लिए प्रतिदिन आवागमन करते हैं। हर दिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से क्षतिग्रस्त रैंप की अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि कई बार अधिकारियों से शिकायत कर मरम्मत की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लगातार हो रहे हादसों से लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द रैंप की मरम्मत कराने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
संवाददाता-अरविंद कुमार न्यूज़लइव पूर्वांचल
हैशटैग (News Portal):
#Pilibhit #Kalinagar #SSBCamp #RoadAccident #BrokenRamp #PublicSafety #BreakingNews #UttarPradesh #PrathaPratigya #RoadRepair #LocalNews