आबादी के बीच शराब की दुकान के विरोध में महिलाओं का विरोध प्रदर्शन,पुलिस का घेराव कर उठाई स्थानांतरण की मांग

/माधौटांडा। थाना माधौटांडा क्षेत्र के ग्राम नवदिया सुखदासपुर में सोमवार को गांव के किनारे संचालित शराब भट्टी के विरोध में सैकड़ों महिलाओं ने उग्र प्रदर्शन किया। महिलाओं ने शराब भट्टी पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और विरोध जताते हुए उसका संचालन बंद करा दिया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने शराब भट्टी को तत्काल गांव से हटाने की मांग की।

 

महिलाओं का कहना था कि शराब भट्टी के कारण गांव का माहौल लगातार बिगड़ रहा है। शराब पीने वालों की आवाजाही से महिलाओं, बच्चों और छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि नशे के कारण आए दिन विवाद, मारपीट और घरेलू कलह जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं।

 

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही माधौटांडा पुलिस मौके पर पहुंची और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद प्रशासन ने महिलाओं से 15 अगस्त तक शराब भट्टी हटाने के लिए समय मांगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन शांत हुआ।

 

हालांकि महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा तक शराब भट्टी नहीं हटाई गई तो वे दोबारा बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर चर्चा बनी हुई है और ग्रामीण प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर लगाए हुए हैं।

संवाददाता-अरविंद कुमार न्यूज़ लाइव पूर्वांचल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *