डीएम नितिन सिंह भदौरिया ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, राजस्व वसूली से लेकर कानून व्यवस्था तक की समीक्षा

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को जिला सभागार में आयोजित मासिक स्टाफ बैठक में अधिकारियों को मुख्य देयक एवं विविध देयकों की वसूली में तेजी लाने तथा मानसून के दौरान पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों से नियमित कोर्ट लगाकर लंबित वादों, विशेषकर पुराने मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने बकायेदारों से सख्ती से राजस्व वसूली करने, मजिस्ट्रियल जांच समयबद्ध ढंग से पूरी करने तथा जनपद में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अपराधों एवं अनैतिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने को कहा।

बैठक में चकबंदी कार्यों में तेजी लाने, कच्ची शराब एवं अवैध मदिरा बिक्री के खिलाफ नियमित छापेमारी करने, सीएम हेल्पलाइन, जन समर्पण पोर्टल, रिट याचिकाओं, ऑडिट आपत्तियों और पेंशन प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। शिकायतों के समाधान के बाद अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से स्वयं वार्ता करने के लिए भी कहा गया।

डीएम ने एआरटीओ को ओवरलोड वाहनों और एनएच सर्विस लेन में अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाने तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी को होटल, ढाबों और रेस्टोरेंटों में नियमित जांच एवं सैंपलिंग कर शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, सभी उप जिलाधिकारी, एआरटीओ, जिला पूर्ति अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *