पीलीभीत।कलीनगर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर केंद्र सरकार की ओर से चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। जनपद पीलीभीत की तहसील कलीनगर क्षेत्र में इंडो-नेपाल सीमा पर स्थित ग्राम पंचायत बंदर भोज के सुंदर नगर में 49वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ रैली का आयोजन किया गया। रैली में एसएसबी जवानों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।रैली के दौरान एसएसबी जवान हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर गांव की गलियों और प्रमुख मार्गों से गुजरे। इस दौरान देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। जवानों ने ग्रामीणों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य के बारे में जानकारी देते हुए स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर नियमानुसार तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।एसएसबी जवानों ने ग्रामीणों से अपील की कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। तिरंगे के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। एसएसबी जवानों और ग्रामीणों की सहभागिता से सीमावर्ती गांव में देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया। ग्रामीणों ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए उत्साह दिखाया।बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिला। एसएसबी जवानों ने ग्रामीणों के साथ संवाद करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा के बारे में जागरूक किया कार्यक्रम के माध्यम से एसएसबी ने यह संदेश भी दिया कि देश की सीमाओं की सुरक्षा के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ना और उनमें राष्ट्रीय भावना को मजबूत करना भी महत्वपूर्ण है। ‘हर घर तिरंगा’ रैली ने सीमावर्ती क्षेत्र में एकता, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का संदेश दिया।रैली के समापन पर मौजूद लोगों ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।