नशे में अवैध तमंचे से चली गोली, युवक के कंधे में लगी; आरोपी गिरफ्तार

बीसलपुर, पीलीभीत। थाना बीसलपुर क्षेत्र में युवक को गोली लगने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी युवक को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। गोली लगने से घायल युवक का बरेली स्थित चन्द्रकांती अस्पताल में उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक 22 अगस्त की रात करीब साढ़े 12 बजे सीएचसी बीसलपुर से सूचना मिली थी कि मोहल्ला हबीबुल्ला खां शुमाली निवासी धर्मेन्द्र कुमार गंगवार को गोली लगी है। उसका मित्र उसे उपचार के लिए सीएचसी लेकर पहुंचा था। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर किया, जहां से हालत को देखते हुए बरेली भेज दिया गया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना 21 अगस्त की रात करीब 11 बजे रामलीला ग्राउंड के पास हुई थी। धर्मेन्द्र गंगवार अपने मित्र विक्रम जायसवाल निवासी बीसलपुर और दो अन्य युवकों के साथ मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान विक्रम जायसवाल ने नशे की हालत में अवैध तमंचे से गोली चला दी। गोली धर्मेन्द्र के बाएं कंधे में लगने से वह घायल हो गया।

घटना के बाद थाना बीसलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विक्रम जायसवाल को अवैध तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 399/26 में धारा 118(2) बीएनएस तथा धारा 3/25/27(2) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। वहीं घायल धर्मेन्द्र का बरेली के चन्द्रकांती अस्पताल में उपचार चल रहा है और उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

संवाददाता— अरविंद कुमार | न्यूज लाइव पूर्वांचल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *