चोरी की घटनाओं का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल गिरफ्तार

न्यूरिया।पीलीभीत। थाना न्यूरिया क्षेत्र में लगातार हुई चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी,जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी न्यूरिया भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के आभूषण,चोरी की मोटरसाइकिल,अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के शीघ्र अनावरण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एएसपी नताशा गोयल के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में 24 अगस्त की रात थानाध्यक्ष न्यूरिया दिगम्बर सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे मझौला की ओर से धनकुना की तरफ एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों धनकुना रोड से भुजिया मजार की ओर जाने वाले लिंक मार्ग पर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जैनुल आबदीन के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी रमन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान जैनुल आबदीन पुत्र सगीर अहमद,उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी मोहल्ला अब्दुल रहीम, थाना न्यूरिया के रूप में हुई है। फरार आरोपी रमन पुत्र दिलीप सिंह निवासी ग्राम रामपुर काजी, थाना केलाखेड़ा, ऊधमसिंहनगर, उत्तराखंड बताया गया है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1950 ग्राम सफेद धातु के आभूषण, 12.93 ग्राम पीली धातु के आभूषण, चोरी की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP26 AN8266, 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक आधार कार्ड बरामद किया है।पुलिस जांच में सामने आया कि बरामद सामान न्यूरिया क्षेत्र में हाल में हुई चोरी की घटनाओं से संबंधित है। 21 अगस्त को मुख्तार अहमद की ज्वैलरी की दुकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी होने के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा 24 अगस्त को मोहल्ला अब्दुल रहीम निवासी मो. सजर के घर से आभूषण चोरी तथा फखरूद्दीन की मोटरसाइकिल चोरी के मामले भी दर्ज किए गए थे।बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में आरोपी के खिलाफ थाना न्यूरिया में धारा 109 बीएनएस और 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार जैनुल आबदीन के खिलाफ पहले से भी चोरी,नकबजनी, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब फरार आरोपी रमन की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिगम्बर सिंह, प्रभारी एसओजी अजय पाल सिंह व उनकी टीम, उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, कांस्टेबल कपिल, चाहत और गौरव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *