नेपाल के भोटेकोशी में फ्लैश फ्लड से हड़कंप, 384 यात्री लापता होने की सूचना

काठमांडू/रसुवा। नेपाल के रसुवा जिले में भोटेकोशी नदी में बुधवार, 26 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे अचानक आई फ्लैश फ्लड से हड़कंप मच गया। नेपाल पर्यटन बोर्ड के सिचुएशन अपडेट-2 के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में प्रभावित क्षेत्रों से 384 यात्रियों के लापता होने की सूचना सामने आई है।

प्रारंभिक आंकड़ों के मुताबिक लापता यात्रियों में 291 विदेशी नागरिक और 93 नेपाली नागरिक शामिल हैं। पर्यटन एजेंसियों और ट्रैवल कंपनियों से प्राप्त रिकॉर्ड के आधार पर यह आंकड़ा सामने आया है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां और टूर ऑपरेटर यात्रियों की सूची का सत्यापन और क्रॉस-चेकिंग कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, लापता यात्रियों में बड़ी संख्या में भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं। अलग-अलग ट्रैवल एजेंसियों से जुड़े यात्रियों में भारतीय, नेपाली, अमेरिकी, मलेशियाई, ब्रिटिश, दक्षिण अफ्रीकी और अन्य देशों के नागरिक बताए गए हैं।

राहत और बचाव कार्य तेज

फ्लैश फ्लड के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। प्रभावित क्षेत्रों में पर्यटकों की सुरक्षा और उनकी स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है।

आपातकालीन सहायता के लिए नंबर

– टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर: 1234
– हॉटलाइन: 1144
– टूरिस्ट पुलिस: 9851289445

पर्यटकों और उनके परिजनों से किसी भी आपात स्थिति में नजदीकी पुलिस, सुरक्षा प्राधिकरण, स्थानीय प्रशासन, ट्रैवल एजेंसी, गाइड या टूर ऑपरेटर से संपर्क करने की अपील की गई है।

न्यूज़ लाइव पूर्वांचल यात्रियों की सुरक्षा और राहत-बचाव अभियान से जुड़ी आगे की आधिकारिक जानकारी पर लगातार नजर बनाए हुए है।

«नोट: 384 लापता यात्रियों का आंकड़ा प्रारंभिक है। आधिकारिक सत्यापन के बाद संख्या में बदलाव संभव है।»

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *