कलीनगर में बाढ़ का खतरा,बनबसा बैराज से 2 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने की आशंका से प्रशासन हाई अलर्ट

पीलीभीत।कलीनगर। पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शारदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। उत्तराखंड के बनबसा बैराज से 2 लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़े जाने की आशंका को देखते हुए पीलीभीत की कलीनगर तहसील में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। परिगांव क्षेत्र में शारदा नदी चेतावनी स्तर (वार्निंग लेवल) पर पहुंच गई है, जिससे नदी किनारे बसे और निचले इलाकों के गांवों में हड़कंप मच गया है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलीनगर तहसील प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने पुलिस और राजस्व टीम के साथ परिगांव क्षेत्र में शारदा नदी के तटबंधों और जलस्तर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कटान और संभावित जलभराव वाले स्थलों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को 24 घंटे लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।इसके बाद कलीनगर तहसील प्रशासन ने ग्राम गाभिया सहराई में स्थानीय ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों के साथ एक आपातकालीन बैठक की। बैठक में बाढ़ से निपटने की पूर्व तैयारियों, राहत शिविरों की स्थिति और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। इस दौरान कलीनगर तहसीलदार, लेखपाल वेदप्रकाश, स्थानीय ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।प्रशासन की ओर से तटीय इलाकों के ग्रामीणों के लिए सतर्क रहने की अपील जारी की गई है। ग्रामीणों से कहा गया है कि वे उफनती नदी के पास न जाएं, अपने मवेशियों और जरूरी सामान को सुरक्षित व ऊंचे स्थानों पर पहुंचा दें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति या जलभराव की सूचना तुरंत तहसील प्रशासन और पुलिस को देने का आग्रह किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *