पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा किया बरामद, न्यायालय में पेश
पूरनपुर, पीलीभीत। घर में घुसकर युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला करने के मामले में थाना पूरनपुर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर को मोहल्ला खानका निवासी आमिर खां ने थाना पूरनपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि सद्दीक खां पुत्र वजीर खां, निवासी मोहल्ला खानका, वार्ड नंबर 13, अपने अन्य साथियों के साथ एक राय होकर उसके घर में घुस आया। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों से उसके भाई सराफत के सिर पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
तहरीर के आधार पर थाना पूरनपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही थी।
गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सद्दीक खां को एलआईसी तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से घटना में प्रयुक्त एक डंडा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
संवाददाता-अरविंद कुमार न्यूज लाइव पूर्वांचल