14 से 16 सितंबर तक रुद्रपुर में आयोजित होगी प्रतियोगिता
खटीमा। सीमांत क्षेत्र स्थित शहीद हरि किशन शिक्षण संस्थान, अशोक फार्म के चार प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यार्थियों के चयन से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
चयनित विद्यार्थियों में कक्षा 7 के हितेश, कक्षा 8 के अमन तथा कक्षा 9 के प्रियांशु एवं अनिकेत मंडल शामिल हैं। चयनित खिलाड़ी 14 से 16 सितंबर तक रुद्रपुर स्थित जनता इंटर कॉलेज में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
विद्यार्थियों के चयन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुदर्शन सहित सहायक अध्यापिका प्रेमा, नीलम एवं हिमांशु तिवारी ने हर्ष व्यक्त किया। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की।
विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।