पीलीभीत/माधोटांडा। गणेश चतुर्थी के पावन पर्व का उल्लास उस वक्त चीख-पुकार और मातम में बदल गया, जब हरदोई ब्रांच नहर में प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। नहर के तेज बहाव और गहरे पानी की चपेट में आने से एक स्थानीय युवक देखते ही देखते जलधारा में समाकर लापता हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के होश उड़ गए और श्रद्धालुओं की खुशियों का माहौल चंद सेकंड में कोहराम में तब्दील हो गया।प्राप्त विवरण के अनुसार, तहसील कलीनगर क्षेत्र के माधोटांडा निवासी संगम (पुत्र जुगनू) अपने साथियों के साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए हरदोई ब्रांच नहर पर गया था। विसर्जन की प्रक्रियाओं के बीच संगम का संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह उफनती नहर के गहरे पानी में चला गया। किनारे खड़े लोग जब तक कुछ समझ पाते या मदद के लिए हाथ बढ़ाते, संगम लहरों के बीच ओझल हो गया।वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया। माधोटांडा थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक पाल पुलिस बल के साथ आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। वहीं, हालात की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम कलीनगर प्रमेश कुमार ने भी प्रशासनिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।लापता संगम की तलाश में तुरंत स्थानीय गोताखोरों को नहर में उतारा गया। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन टीम को बुलाकर हाई-स्पीड मोटरबोट के जरिए नहर की जलधारा को खंगाला जा रहा है। हादसे की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय भाजपा विधायक बाबूराम पासवान भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए बचाव अधिकारियों को राहत अभियान में पूरी ताकत झोंकने के निर्देश दिए।घंटों चले सर्च ऑपरेशन और आपदा टीम की जी-तोड़ कोशिशों के बावजूद देर तक संगम का कोई सुराग नहीं लग सका था। नहर के तेज बहाव को देखते हुए सर्च दायरे को आगे तक बढ़ा दिया गया है। फिलहाल मौके पर भारी भीड़ जमा है और पूरा गांव युवक की सकुशलता की दुआएं मांग रहा है। प्रशासन का कहना है कि रेस्क्यू ऑपरेशन निरंतर जारी रहेगा।