नौनिहालों को परोसा पोषणाहार, गर्भवती महिलाओं को बांटी गई महालक्ष्मी किट

खटीमा। ग्राम मझोला में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में नौनिहालों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा आंगनबाड़ी और आशा कार्यकत्रियों के साथ आत्मीय संवाद किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने नौनिहालों के बीच पहुंचकर अपने हाथों से बच्चों को पौष्टिक पोषणाहार परोसा। इस दौरान बच्चों के स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना के साथ अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। वहीं गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोदभराई रस्म में भी जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

मातृ-शिशु कल्याण योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को नवजात शिशु और माता की बेहतर देखभाल के लिए महालक्ष्मी किट वितरित की गई। वक्ताओं ने कहा कि मातृशक्ति और नौनिहालों का स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य प्राथमिकता है। जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को मजबूत करने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, देवेंद्र सिंह रिंकू, सुनीता पटेल, बलराज सिंह, कुलविंदर कौर, सतीश मौर्य, वीरेंद्र मौर्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *