नवरात्रि व आगामी त्योहारों को लेकर एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

पीलीभीत। आगामी नवरात्रि पर्व एवं अन्य त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक पीलीभीत सुकीर्ति माधव एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख स्थानों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख मंदिरों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।एसपी ने जनपद के सभी थानों में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि पूजा-पाठ एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर प्रभावी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस बल को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों से भी आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है। पुलिस की पैदल गश्त और सुरक्षा व्यवस्था के निरीक्षण से प्रमुख बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *