खटीमा। सनातन श्रीरामलीला समिति परिषद द्वारा आयोजित खटीमा की श्रीरामलीला में हनुमान जी को उनकी शक्तियों का स्मरण कराने से लेकर लंका दहन तक के प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। रामलीला के दौरान हनुमान जी का लंका प्रस्थान, लंकिनी से संवाद, विभीषण से मैत्री, अशोक वाटिका प्रसंग, अक्षय कुमार वध, मेघनाथ से युद्ध, रावण-हनुमान संवाद और लंका दहन जैसे दृश्य प्रस्तुत किए गए।
लीला के दौरान जामवंत जी ने हनुमान जी को उनकी भूली हुई शक्तियों का स्मरण कराया। बाल्यकाल में अपनी चंचलता और शरारतों के कारण ऋषि-मुनियों से मिले श्राप के चलते हनुमान जी अपनी शक्तियां भूल गए थे। जामवंत जी द्वारा उनकी शक्ति और पराक्रम का स्मरण कराए जाने पर हनुमान जी को अपने सामर्थ्य का एहसास हुआ और वे माता सीता की खोज में लंका प्रस्थान कर गए।
इसके बाद हनुमान जी ने सूक्ष्म रूप धारण कर लंका में प्रवेश किया। वहां लंका की प्रहरी लंकिनी से उनका सामना हुआ। हनुमान जी के प्रहार से लंकिनी को ब्रह्मा जी की भविष्यवाणी याद आ गई, जिसके अनुसार वानर के प्रहार से लंका में राक्षसों के विनाश का संकेत मिलना था। इसके बाद हनुमान जी की विभीषण से भेंट और मैत्री, अशोक वाटिका में उत्पात, अक्षय कुमार वध तथा मेघनाथ के साथ युद्ध के प्रसंगों का मंचन हुआ।
रावण के दरबार में हनुमान जी और रावण के बीच हुए संवाद ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद हनुमान जी की पूंछ में आग लगाए जाने के प्रसंग के साथ लंका दहन का भव्य दृश्य प्रस्तुत किया गया। इसी के साथ उस दिन की रामलीला का समापन हुआ।
रामलीला में रावण की भूमिका चाचा ने तथा हनुमान जी की भूमिका उनके भतीजे अनुराग ने निभाई। दोनों कलाकारों के अभिनय ने मंचन को प्रभावशाली बनाया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने राइस मिलर्स एसोसिएशन एवं डॉक्टर एसोसिएशन को सम्मानित किया। कार्यक्रम में महामंत्री इंद्रेश कुमार, मीडिया प्रभारी मनोज वाधवा, डॉक्टर आरिफ, अंजनी विक्रम सिंह, ईश्वर चंद्र अग्रवाल, शोभित अग्रवाल, राकेश गुंबर, अजय अग्रवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
20 अक्टूबर को होगा रावण के पुतलों का दहन
संस्था के अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार, 20 अक्टूबर को शाम 5 बजे राणा प्रताप इंटर कॉलेज के मैदान में रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की।
न्यूज लाइव पूर्वांचल । संवाददाता-अरविंद कुमार