15 दिवसीय व्यावसायिक सिलाई प्रशिक्षण का समापन,सभी प्रतिभागी महिलाओं को टूल किट एवं प्रमाण पत्र वितरित किया

खटीमा। भारत नेपाल सीमा से सटे सशस्त्र सीमा बल की सीमा चौकी मेलाघाट के कार्यक्षेत्र के अंतर्गत वाइब्रेंट विलेज सिसैया में सशस्त्र सीमा बल के सौजन्य से नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत आयोजित 15 दिवसीय व्यावसायिक सिलाई प्रशिक्षण का शनिवार को कमांडेंट गंगा सिंह उदावत द्वारा सफल समापन किया गया। महिला जनजाति सेवा समिति खटीमा के सहयोग से संचालित इस प्रशिक्षण में सीमावर्ती क्षेत्र की 20 महिलाओं ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन अवसर पर प्रत्येक प्रतिभागी महिला को सिलाई टूल किट एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किया गया ताकि वह भविष्य में स्वरोजगार स्थापित करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सफल हो सकें। इस मौके पर कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने प्रतिभागियों को प्राप्त कौशल का सदुपयोग कर स्वरोजगार अपनाने तथा निरंतर उन्नयन करते हुए आत्मनिर्भर बनने और अपने परिवार एवं समाज के हार्दिक सशक्तिकरण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ है उन्होंने कहा कि सशस्त्र सीमा बल सीमा क्षेत्रों में राष्ट्र विरोधी गतिविधियों, तस्करी तथा विशेष रूप से मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निरंतर तत्पर है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील किया कि वे सुरक्षा बलों की आंख और कान बनकर संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना उपलब्ध कराएं जिससे राष्ट्र की सुरक्षा और अधिक सुदृढ़ हो और सीमावर्ती क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बना रहे। इस मौके पर उप कमांडेंट अनिल कुमार यादव, सहायक कमांडेंट दिनेश कुमार यादव, ग्राम प्रधान शीतल पासवान, बीडीसी अर्जुन, गंगा राणा, सुरेश सिंह मौर्य, प्रशिक्षिका प्रीती राना सहित सशस्त्र सीमा बल के अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। ‌

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *