खटीमा के लिए बड़ी सौगात: जाम और बाढ़ से मिलेगी स्थायी राहत, फोरलेन सड़क और नए पुल को मिली मंजूरी

खटीमा के लिए बड़ी सौगात: जाम और बाढ़ से मिलेगी स्थायी राहत, फोरलेन सड़क और नए पुल को मिली मंजूरी

खटीमा। वर्षों से जाम, जलभराव और मानसून में बाढ़ की विभीषिका झेल रहे खटीमा निवासियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों और नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी की सक्रियता से खटीमा के विकास को रफ्तार मिली है। केंद्र और राज्य सरकार की स्वीकृति के बाद अब शहर के कायाकल्प का रास्ता साफ हो गया है।

जाम से मुक्ति के लिए ‘फोरलेन’ का तोहफा:
शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से खटीमा-मझोला मार्ग के 3.6 किलोमीटर आबादी वाले हिस्से को फोरलेन बनाया जाएगा। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से मिली इस मंजूरी के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल शहर को जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि खटीमा की तस्वीर भी बदलेगी।

35 साल पुरानी समस्या खत्म: बनेगा नया पुल
नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि बरसात में जलभराव और संपर्क कट जाने का कारण बनने वाले 35 साल पुराने ‘रपटे’ को अब इतिहास बनाया जाएगा। इसकी जगह एक आधुनिक पुल का निर्माण होगा, जिसके लिए ₹2.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा इस प्रस्ताव को तत्काल मंजूरी देने के बाद अब लोक निर्माण विभाग जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करेगा। इस पुल के निर्माण से दो गांवों का आवागमन सुगम होगा और बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।

पालिका के विकास कार्य: एक नजर में
नगर पालिका अध्यक्ष ने अपने एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों को साझा करते हुए बताया कि विकास कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं:

सड़क निर्माण:विभिन्न विभागों के सहयोग से अब तक 18 किलोमीटर सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

जल निकासी: बाढ़ से मुक्ति को प्राथमिकता देते हुए मुख्य खकरा नाले की सफाई पूरी कर ली गई है।

एठा नाला: पालिका की अपनी पोकलैंड मशीन से एठा नाले की सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है, ताकि बरसात में जलभराव की स्थिति न बने।

निचले इलाकों का कायाकल्प: नाला सफाई से निकले मलबे का उपयोग करके निचले इलाकों की कच्ची सड़कों को ऊंचा और सुरक्षित बनाया गया है।

‘सुंदर और स्वस्थ खटीमा’ का सपना
पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने शहर की स्वच्छता में योगदान दे रहे पर्यावरण मित्रों की सराहना की। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘सुंदर खटीमा, स्वस्थ खटीमा’ के संकल्प को साकार करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। जनसहयोग से खटीमा को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।”
इस घोषणा के बाद खटीमा वासियों में भारी उत्साह है और इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर की पुरानी समस्याओं के अंत की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *