जानलेवा हमले का खुलासा: तीन आरोपी गिरफ्तार, तमंचा व स्कॉर्पियो बरामद

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से मिली सफलता, फरार आरोपियों की तलाश जारी
खटीमा। 5 जुलाई को बरी अंजनिया क्षेत्र में भूमि कब्जाने के प्रयास के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले का खटीमा पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, एक अवैध 315 बोर का तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के बाद मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। प्रेस वार्ता में पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने बताया कि ग्राम बरी अंजनिया निवासी चंद्र बदन जोशी की तहरीर पर कोतवाली खटीमा में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और अवैध तमंचे से हवाई फायरिंग की थी। घटना में वह बाल-बाल बच गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 200 से 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान 8 जुलाई को सूचना मिली कि आरोपी बिजटी रोड स्थित मेहरबानगर के पास देवहा पुल के निकट मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सर्वजीत सिंह निवासी गढ़ीपट्टी, नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर), हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी कहलो निवासी देवीपुरा, बिलासपुर (रामपुर, उत्तर प्रदेश) तथा सिमरन सिंह निवासी पहाड़पुर, बिलासपुर (रामपुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने सर्वजीत सिंह के कब्जे से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजेंद्र शाह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक के.सी. आर्या, उपनिरीक्षक राकेश राय (विवेचक), उपनिरीक्षक भूपेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल सुभाष जोशी, कांस्टेबल कमल पाल, दुर्गा नाथ तथा जगदीश नगरकोटी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *