खटीमा में ₹11.04 करोड़ के विकास कार्यों को मिली रफ्तार, छठ घाट से लेकर भारामल बाबा मंदिर तक होगा कायाकल्प

जसपुर-खटीमा की गुजर बस्तियों में सोलर व हाईमास्ट लाइटें, एसडीएम-तहसील भवन की होगी मरम्मत, जिला पंचायत क्षेत्रों में लगेंगी सीमेंट बेंच और वितरित होंगे कूड़ेदान

खटीमा। जिला पंचायत ऊधम सिंह नगर की ओर से खटीमा सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में 11 करोड़ 4 लाख 18 हजार रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ग्राम हल्दी में करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 2,000 पशुओं की क्षमता वाली आधुनिक गौशाला का निर्माण पूरा हो चुका है, जिसका लोकार्पण जल्द ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

खटीमा के वार्ड संख्या-14 स्थित संजय रेलवे पार्क में 1 करोड़ 4 लाख 52 हजार रुपये की लागत से छठ पूजा घाट का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। घाट को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है और यह कार्य अगले दो माह में पूरा होने की संभावना है।

इसके अलावा भारामल बाबा मंदिर तथा निर्माण कुटिया आश्रम के विकास पर 1 करोड़ 19 लाख 95 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इस राशि से धर्मशाला निर्माण, मंदिर परिसर में टाइल्स रोड तथा फर्श पर टाइल्स बिछाने सहित अन्य सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि खटीमा और जसपुर विकासखंड की वन क्षेत्र स्थित गुर्जर बस्तियों में सोलर एवं हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी, जिससे वहां रहने वाले लोगों को बेहतर रोशनी और सुरक्षा मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से 44 लाख 71 हजार रुपये की लागत से एसडीएम कार्यालय और तहसील कार्यालय भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई और अन्य आवश्यक कार्य भी कराए जाएंगे।

स्वच्छता और जनसुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत क्षेत्र में 3 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के तहत कूड़ेदान वितरित किए जाएंगे। वहीं 3 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सीमेंट निर्मित बेंच स्थापित की जाएंगी।

अजय मौर्य ने बताया कि इन सभी निर्माण कार्यों की टेंडर प्रक्रिया 27 फरवरी 2026 को पूरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खटीमा सहित पूरे जनपद में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *