पीलीभीत/कलीनगर। भारत-नेपाल सीमा पर सक्रिय अंतरराष्ट्रीय वन्यजीव तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने और सीमाई क्षेत्रों में चौकसी बढ़ाने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल की 49वीं बटालियन की नवजुलिया पोस्ट पर एक अत्यंत महत्वपूर्ण ‘अवैध वन्यजीव व्यापार’ (IWT) ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में एसएसबी और वन विभाग के अधिकारियों व जवानों को वन्यजीव तस्करी रोकने के गुर सिखाए गए।कार्यक्रम में मुख्य रूप से 34 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें एसएसबी के 31 जवान 3 महिला और 28 पुरुष तथा वन विभाग के 3 पुरुष कर्मचारी शामिल रहे।वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया की विशेषज्ञ टीम ने कार्यक्रम के दौरान एक बेहद महत्वपूर्ण तकनीकी सत्र लिया। इस सत्र में विशेषज्ञों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अवैध वन्यजीव व्यापार में चल रहे वर्तमान रुझानों आमतौर पर तस्करी की जाने वाली दुर्लभ वन्यजीव वस्तुओं व अंगों की सटीक पहचान, तथा शातिर तस्करों द्वारा अपनाई जाने वाली परिवहन विधियों व उनकी कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला।वहीं WTI की टीम ने भारत-नेपाल सीमा की संवेदनशीलता को रेखांकित करते हुए सीमा पर तैनात अग्रिम पंक्ति के एसएसबी जवानों और वन कर्मियों की भूमिका को सबसे अहम बताया।इस ओरिएंटेशन कार्यक्रम में एसएसबी की सहायक कमांडेंट पूनम मीना ने सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि लगभग छह महीने पूर्व उन्होंने भोपाल में ‘वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो’ (WCCB) द्वारा आयोजित अवैध वन्यजीव व्यापार प्रशिक्षण में भाग लिया था। अपने पूर्व अनुभव और विषय पर मजबूत पकड़ के चलते उन्होंने तकनीकी चर्चाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और वन्यजीव संरक्षण व अपराधों की रोकथाम के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता जाहिर की।
इस दमदार प्रशिक्षण के बाद अब भारत-नेपाल सीमा पर वन्यजीवों की सुरक्षा और तस्करी पर लगाम कसने के लिए एसएसबी व वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई को और अधिक धार मिलेगी।